रुड़की की पुत्रवधू साक्षी जैन ने रचा इतिहास, सीनियर एनालिस्ट (लीगल) परीक्षा में ऑल इंडिया प्रथम रैंक
अनारक्षित वर्ग की एकमात्र सीट पर किया चयन, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी ओडिशा से चतुर्थ रैंक के साथ की थी विधि की पढ़ाई
रुड़की। रुड़की के लिए गौरव का विषय है कि नगर निवासी अभिषेक राय की धर्मपत्नी साक्षी जैन ने नेशनल बैंक फॉर फाइनेंसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट (NaBFID) द्वारा आयोजित सीनियर एनालिस्ट (लीगल) पद की चयन परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया है। परीक्षा में कुल दो पदों पर चयन होना था, जिनमें एक पद अनारक्षित और एक अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए था। साक्षी जैन ने अनारक्षित वर्ग की एकमात्र सीट पर चयन प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की।

साक्षी जैन सुतेज जैन एवं अमिता जैन की सुपुत्री हैं। उनका जन्म और प्रारंभिक शिक्षा भोपाल में हुई। उन्होंने वर्ष 2019 में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी ओडिशा से विधि स्नातक की उपाधि प्राप्त की और अपनी बैच में चतुर्थ रैंक हासिल की। वर्ष 2021 से वह दिल्ली में विधि व्यवसाय कर रही हैं।
विवाह के बाद बनीं रुड़की की पुत्रवधू
जनवरी 2025 में साक्षी जैन का विवाह रुड़की निवासी अभिषेक राय के साथ हुआ। विवाह के बाद रुड़की से जुड़ी साक्षी की इस उल्लेखनीय सफलता से परिवार, शिक्षाविदों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
साक्षी की सास किरण राय हरजोली झोझा, उत्तराखंड के प्राथमिक विद्यालय में अध्यापिका हैं, जबकि उनके ससुर अवधेश कुमार राय ‘राय डिजिटल स्टूडियो’ का संचालन करते हैं। उनके पति अभिषेक राय देवास, मध्य प्रदेश स्थित सिक्योरिटी प्रिंटिंग एंड मिंटिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की इकाई बैंक नोट प्रेस, देवास में कार्यरत हैं।
मेहनत और प्रतिभा का परिणाम
देशभर के अभ्यर्थियों के बीच अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम रैंक हासिल करना साक्षी जैन की प्रतिभा, मेहनत और निरंतर अध्ययन का परिचायक है। विशेष रूप से अनारक्षित वर्ग की एकमात्र सीट पर चयन हासिल करने से उनकी सफलता और भी महत्वपूर्ण हो गई है।
साक्षी की उपलब्धि की जानकारी मिलते ही परिजनों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों ने इसे परिवार के साथ-साथ रुड़की के लिए भी गौरव का क्षण बताते हुए साक्षी जैन को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
