ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर सीडीओ नाराज
पौड़ी। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने गुरुवार को विकास भवन में जनपद के सभी एडीओ पंचायत एवं ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर अधिकारियों की नियमित मौजूदगी, ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान और आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में निर्धारित क्षेत्रों में कुछ ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों के नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहने पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अधिकारी क्षेत्र में रहकर ही ग्रामीणों की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझ सकते हैं और उनका समयबद्ध समाधान कर सकते हैं। निर्धारित रोस्टर के बावजूद क्षेत्र से अनुपस्थित रहना गंभीर विषय है और इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सीडीओ ने सभी ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को रोस्टर के अनुसार अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से उपस्थित रहने और ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारियों की क्षेत्रीय उपस्थिति की औचक जांच की जाएगी। जांच के दौरान अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आपदा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में अधिकारियों की मौजूदगी को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताया। कहा कि आपदा के दौरान स्थानीय स्तर पर सूचना प्राप्त करने और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने में ग्राम पंचायत स्तर के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसलिए अधिकारी अपने क्षेत्र में उपलब्ध रहते हुए स्थिति पर नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दें, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जा सके।
बैठक में जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर जिला पंचायतीराज अधिकारी प्रदीप सुंदरियाल समेत जनपद के सभी एडीओ पंचायत एवं ग्राम पंचायत विकास अधिकारी मौजूद रहे।
