पौड़ी

बेस अस्पताल पहुंचे कैबिनेट मंत्री, मरीजों से जाना स्वास्थ्य का हाल

श्रीनगर। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल मेडिकल कॉलेज के बेस अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और अस्पताल में मिल रही उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों ने उपचार व्यवस्था पर संतोष जताया।

मंत्री ने आईसीयू में भर्ती तिरपालीसैंण क्षेत्र की सुनीता देवी से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की स्थिति के बारे में जानकारी लेते हुए बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा हाल ही में तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित नंदा सती के पिता ब्रह्मानंद सती से भी मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

डॉ. रावत ने अस्पताल के अन्य वार्डों का भी निरीक्षण किया और भर्ती मरीजों एवं तीमारदारों से बातचीत कर उपचार व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इस दौरान मंत्री ने अस्पताल परिसर में संचालित आंचल कैफे का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मरीजों और तीमारदारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ अस्पताल की उपचार व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।

मंत्री ने बताया कि मेडिकल कॉलेज एवं बेस अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों की सुविधाओं के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 170 से अधिक कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि उपचार सुविधाओं के विस्तार के साथ अस्पताल के आधारभूत ढांचे को भी मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मरीजों एवं तीमारदारों की सुविधा के लिए पार्किंग व्यवस्था विकसित की जा रही है। अस्पताल परिसर में एक पार्किंग का कार्य शुरू हो चुका है, जबकि एक अन्य स्थान पर भी पार्किंग विकसित की जाएगी।

डॉ. रावत ने कहा कि श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, ताकि गढ़वाल के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले मरीजों और तीर्थ यात्रियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.एन. पांडेय, डॉ. सतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं चिकित्सक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *