उत्तराखंड

पौड़ी में पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान को लगा विशेष शिविर

पौड़ी। पूर्व सैनिकों, सैनिक विधवाओं एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए गुरुवार को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय परिसर में विशेष शिविर आयोजित किया गया। अभिलेख कार्यालय, बंगाल अभियंता समूह की ओर से आयोजित शिविर में वरिष्ठ अभिलेख अधिकारी कर्नल कुलदीप सिंह ने पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित प्रकरणों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की।


जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर करन सिंह रावत ने बताया कि शिविर में पेंशन समेत पूर्व सैनिकों, सैनिक विधवाओं और आश्रितों से जुड़े विभिन्न मामलों का निस्तारण किया गया। आवश्यक दस्तावेज एकत्र कर संबंधित अभिलेख कार्यालयों को आगे की कार्रवाई के लिए भेजे गए। अधिकांश प्रकरण पेंशन से संबंधित रहे, जबकि अन्य मामलों के समाधान के लिए संबंधित अभिलेख कार्यालयों से समन्वय स्थापित किया गया।
शिविर में कुल 68 लाभार्थी पहुंचे। इनमें 42 पूर्व सैनिक, 23 पूर्व सैनिक विधवाएं और तीन आश्रित शामिल रहे। अधिकारियों ने पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को विभिन्न प्रक्रियाओं और प्रकरणों के संबंध में आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई।
मेजर करन सिंह रावत ने कहा कि पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। ऐसे शिविरों से अभिलेख कार्यालयों के अधिकारियों और पूर्व सैनिकों के बीच सीधा समन्वय स्थापित होता है, जिससे लंबित प्रकरणों के समाधान में तेजी आती है।
शिविर में नायब सूबेदार जगदीश मंडल, नायक रजनी मित्रा, सिपाही जितेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *