पौड़ी

उत्तिण्डा में बाघ ने गाय को बनाया निवाला, ग्रामीणों में दहशत

द्वारीखाल। विकासखंड द्वारीखाल के ग्राम उत्तिण्डा के पणिया तोक में मंगलवार शाम बाघ ने एक ग्रामीण की गाय को मार डाला। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित पशुपालक को उचित मुआवजा देने के साथ ही जंगली जानवरों की बढ़ती गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।

ग्रामीण धीरजलाल पुत्र स्व. चन्दूदास ने बताया कि उनकी गाय रोज की तरह जंगल में घास चरने गई थी। मंगलवार 18 अगस्त की शाम पणिया तोक में बाघ ने गाय पर हमला कर उसे मार दिया। शोर मचाने पर बाघ गाय को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से जंगली जानवरों का आतंक बना हुआ है। इससे मानव जीवन के साथ ही फसलों और पालतू पशुओं पर भी खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों के अनुसार खेती और पशुपालन ही पहाड़ में अधिकांश परिवारों की आजीविका के प्रमुख साधन हैं, लेकिन जंगली जानवरों के लगातार बढ़ते हमलों के कारण लोग खेती और पशुपालन छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग से घटना का संज्ञान लेकर प्रभावित पशुपालक को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में जंगली जानवरों की निगरानी और सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *