पौड़ी

ग्रामीणों की कानूनी राह आसान करेगा क्यार्क का विधिक सेवा केंद्र

विश्व मानवतावादी दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता और परामर्श की मिलेगी सुविधा

पौड़ी। विश्व मानवतावादी दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में बुधवार को विकासखंड पौड़ी के ग्राम क्यार्क में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत भवन में नालसा विधिक सेवा केंद्र योजना-2010 के तहत विधिक सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता और परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।

शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाज़िश कलीम ने विश्व मानवतावादी दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष 19 अगस्त को यह दिवस मानवता की सेवा, जरूरतमंद एवं संकटग्रस्त लोगों की सहायता, मानवीय मूल्यों, आपसी सहयोग और सामाजिक सद्भाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मनाया जाता है।

उन्होंने ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, महिलाओं एवं बच्चों के अधिकार तथा विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्यार्क के पंचायत भवन में स्थापित विधिक सेवा केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी परामर्श, अधिवक्ता की सुविधा, मध्यस्थता और लोक अदालत से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी केंद्र के माध्यम से दी जाएगी।

शिविर में डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल पौड़ी महेश बलूनी, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल विनोद कुमार, ग्राम प्रधान निर्मला देवी, ग्राम विकास अधिकारी पवन नेगी, अधिकार मित्र वीरेंद्र सिंह, संगीता देवी, पवन सकलानी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *