पौड़ी

भारी बारिश के अलर्ट के चलते पौड़ी में 19 अगस्त को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

पौड़ी। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 19 अगस्त को पौड़ी गढ़वाल में भारी वर्षा और आकाशीय बिजली की संभावना जताए जाने के बाद जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनपद के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

बुधवार 19 अगस्त को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने यह निर्णय छात्र-छात्राओं और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और गदेरों में तेज जलप्रवाह की आशंका के साथ आकाशीय बिजली का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों व गदेरों के समीप न जाने की अपील की है। साथ ही मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *