21 अगस्त को जिला मुख्यालय में लगेगी मुख्यमंत्री उद्यमशाला चौपाल
उद्यम स्थापना के इच्छुक लोगों को एक ही स्थान पर मिलेगी विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी
पौड़ी। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत आगामी 21 अगस्त को जिला मुख्यालय में चौपाल आयोजित की जाएगी। चौपाल में उद्यम स्थापना के इच्छुक लोगों को विभिन्न विभागों की स्वरोजगार योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी एवं मार्गदर्शन एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा।

चौपाल की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने विकास भवन में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने तथा चौपाल में विभागीय योजनाओं से संबंधित पर्याप्त सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य लोगों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना और उद्यम स्थापना में आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचेगी आईईसी वैन
मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के प्रचार-प्रसार और ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए 21 अगस्त को जिला मुख्यालय से आईईसी वैन भी रवाना की जाएगी। वैन जिले के विभिन्न विकासखंडों की चिन्हित न्याय पंचायतों में पहुंचकर उद्यम स्थापना, स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहले दिन पौड़ी की ल्वाली व काण्डाधार तथा कोट की कोट व पोखरी न्याय पंचायतों में वैन पहुंचेगी। दूसरे दिन खिर्सू की देवलगढ़ व पोखरी तथा पाबौ की पीपली, पाबौ व सैंजी न्याय पंचायतों को कवर किया जाएगा।
तीसरे दिन थलीसैंण की पैठाणी, बगेली व बूँगीधार तथा बीरोंखाल की कोटा व ग्वीन न्याय पंचायतों में वैन पहुंचेगी। चौथे दिन एकेश्वर की रिंगवाड़ी, स्योली व बमोली तथा पोखड़ा की देवराड़ी देवी व सेड़ियाखाल न्याय पंचायतों में भ्रमण होगा।
पांचवें दिन कल्जीखाल की दिवाई, सांगुड़ा व नगर तथा रिखणीखाल की ढाबखाल व ढोटियाल न्याय पंचायतों में प्रचार-प्रसार किया जाएगा। छठवें दिन नैनीडांडा की भौंन, कसाणा व उमटा तथा जयहरीखाल की खैरासैंण व दुधारखाल न्याय पंचायतों में वैन पहुंचेगी।
सातवें दिन द्वारीखाल की ठंठोली व सिराई तथा यमकेश्वर की बड़सूण व बड़ोलबड़ी न्याय पंचायतों को शामिल किया गया है। आठवें दिन दुगड्डा की उतिर्छा, फरसुला, उमथगांव व कोटद्वार न्याय पंचायतों में आईईसी वैन का भ्रमण होगा।
बैठक में इन्क्यूबेशन मैनेजर तनुज पुंडीर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान कुलदीप बिष्ट, जिला पर्यटन अधिकारी के.के. जोशी, लीड बैंक अधिकारी किशन सिंह नेगी, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती, सहायक डीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
