पौड़ी

सितंबर से शुरू होंगी जनपद स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताएं, अक्टूबर में होगी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता

पौड़ी। सत्र 2026-27 में आयोजित होने वाली जनपद एवं राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिताओं के आयोजन, खिलाड़ियों के चयन, पात्रता प्रमाण पत्र, क्रीड़ा शुल्क सहित टीमों की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य शिक्षाधिकारी ने कहा कि विद्यालय स्तर से ही खेल प्रतिभाओं को चिन्हित कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण दिया जाए। प्रत्येक विद्यालय में कम से कम एक विशेष खेल की तैयारी कराई जाए और इसके लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विद्यालयों को इसकी सूचना संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतियोगिताओं में किसी भी अपात्र खिलाड़ी को प्रतिभाग नहीं कराया जाएगा। सभी खिलाड़ियों के पात्रता प्रमाण पत्रों की अनिवार्य रूप से जांच की जाए। ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक एवं प्रतियोगिता संयोजक चयनित खिलाड़ियों की सूची निर्धारित प्रारूप में तैयार कर समय से जिला क्रीड़ा प्रकोष्ठ को उपलब्ध कराएंगे।

बालिका टीमों के लिए विशेष व्यवस्था

मुख्य शिक्षाधिकारी ने बालिका वर्ग की प्रतियोगिताओं में विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बालिका टीम के साथ अनिवार्य रूप से दो महिला शिक्षिकाओं की उपस्थिति रहेगी। महिला शारीरिक शिक्षिका उपलब्ध न होने की स्थिति में अन्य विषय की महिला शिक्षिका को टीम के साथ भेजा जाएगा। साथ ही प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के साथ खेल प्रभारी की उपस्थिति भी अनिवार्य रहेगी।

सितंबर में शरदकालीन, अक्टूबर में शीतकालीन प्रतियोगिताएं

बैठक में तय किया गया कि जनपदीय शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता 9 से 12 सितंबर तक दुगड्डा ब्लॉक में आयोजित होगी। वहीं जनपदीय शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता 3 से 6 अक्टूबर तक पौड़ी में आयोजित की जाएगी।

इसके अलावा राज्य स्तरीय बैडमिंटन क्रीड़ा प्रतियोगिता (समस्त बालक वर्ग) 22 से 24 अक्टूबर तक जिला क्रीड़ा प्रकोष्ठ पौड़ी में आयोजित होगी। मुख्य शिक्षाधिकारी ने कहा कि जनपद स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार किया जाए।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अंशुल बिष्ट, जिला क्रीड़ा समन्वयक योगम्बर सिंह नेगी, जिला क्रीड़ा सह समन्वयक राजीव सिंह रावत, मृदुला गुजराल एवं वर्षा सहित विभिन्न विकासखंडों के ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *