पौड़ी

जनता मिलन में 25 शिकायतों की सुनवाई, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

एक दशक से लंबित कांसखेत-असगढ़-घंडियालधार-अलासू-कुनकुली मोटर मार्ग के सुधारीकरण को मिली वित्तीय स्वीकृति, ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी का जताया आभार

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 25 शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समयावधि में निस्तारण किया जाए।

जनता मिलन में करीब एक दशक से लंबित कांसखेत-असगढ़-घंडियालधार-अलासू-कुनकुली मोटर मार्ग के सुधारीकरण की मांग पूरी होने पर ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी का आभार जताया। ग्राम सभा बड़कोट के प्रधान नवीन कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता अर्जुन सिंह नेगी सहित ग्रामीणों ने मार्ग के किलोमीटर 13 से 17 के मध्य संपर्क मार्ग के डामरीकरण की मांग जिलाधिकारी के समक्ष रखी थी। जिलाधिकारी द्वारा प्रस्ताव शासन को भेजे जाने के बाद मुख्यमंत्री ने इसके लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की।

पेयजल समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई

जनता मिलन में कोट विकासखंड के श्रीखोन, स्यालंगी और कठूड़ गांवों को घुड़दौड़ी ग्राम समूह पेयजल पंपिंग योजना से नहीं जोड़े जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जल निगम के अधिकारियों को एक सप्ताह में सर्वमान्य समाधान निकालने के निर्देश दिए। ग्राम थली की महिला मंगल दल अध्यक्ष उमा देवी ने चौपड़ा का गंदा पानी पेयजल स्रोत में मिलने की शिकायत की। इस पर जल संस्थान को तत्काल मौके पर जाकर जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कल्जीखाल विकासखंड के नौली गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने की शिकायत पर जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारियों को अगले दिन मौके पर पहुंचकर स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए गए। वहीं, थापली की अनुसूचित जाति बस्ती में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर मौके पर निरीक्षण कर पाइपलाइन में फंसे कपड़े व पॉलिथीन को हटाकर आपूर्ति सुचारू कर दी गई।

फसल क्षति और बीएसएनएल टावर का मामला भी उठा

पौड़ीगांव की महिलाओं ने वाल्मिकी बस्ती के पालतू सुअरों से फसल को हो रहे नुकसान की शिकायत की। जिलाधिकारी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को संबंधित पशुपालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने तथा प्रभावित किसानों को नियमानुसार फसल क्षति का उचित मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए।

धुमाकोट विकासखंड के सुकरौं निवासी शिव सिंह बिष्ट ने निजी भूमि पर वर्ष 2017 में लगाए गए बीएसएनएल टावर का किराया नहीं मिलने और टावर खराब स्थिति में होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को बीएसएनएल के माध्यम से प्रकरण की जांच कराने के निर्देश दिए।

पूर्व शिकायतों पर हुई कार्रवाई

जनता मिलन में पोखरी खड़खोला निवासी अंकित कुमार भटगांई की नव निर्मित भवन में विद्युत संयोजन नहीं होने की शिकायत पर विद्युत विभाग ने पोल स्थापित कर एबी केबल बिछाने का कार्य पूरा कर विद्युत संयोजन उपलब्ध कराया।

कोट विकासखंड के नौगांव में स्वच्छ पेयजल की समस्या पर जल संस्थान ने पेयजल स्रोत की सफाई कर बाधित आपूर्ति बहाल कर दी। रिखणीखाल वेलफेयर सोसायटी पौड़ी के महासचिव भगवान सिंह रावत की बाघ एवं तेंदुओं के बढ़ते आतंक की शिकायत पर वन विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और निगरानी बढ़ाई तथा आवश्यकता के अनुसार पिंजरे लगाए। ग्रामीणों को वन्यजीवों से बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ पशुहानि के मामलों में नियमानुसार मुआवजे की कार्रवाई भी की गई।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, ई-ऑफिस सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित शिकायतों की भी विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के साथ-साथ शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में सीडीओ अशोक जोशी, एडीएम एफआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *