रुड़की में MES के लिए भवन निर्माण तकनीकों पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
रुड़की। बीईजी एंड सेंटर, रुड़की में सीएसआईआर-सीबीआरआई की ओर से MES के प्रथम कैप्सूल J-01 के लिए ‘भवन निर्माण तकनीकों में प्रगति’ विषय पर तीन दिवसीय कौशल विकास कार्यक्रम शुरू किया गया। 17 से 19 अगस्त तक चलने वाले प्रशिक्षण में 18 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।

कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को आधुनिक भवन निर्माण तकनीकों की तकनीकी जानकारी और व्यावहारिक समझ उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण में टिकाऊ एवं अभिनव निर्माण सामग्री, प्रीफैब्रिकेटेड एवं मॉड्यूलर निर्माण, उभरती निर्माण तकनीकें, गुणवत्ता नियंत्रण और ऊर्जा-कुशल भवन सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी जाएगी।
उद्घाटन सत्र में बीईजी एंड सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर गौरव अत्रेया और सीबीआरआई के निदेशक प्रो. आर. प्रदीप कुमार मौजूद रहे। डॉ. नीरज जैन ने प्रशिक्षण की रूपरेखा और आधुनिक निर्माण तकनीकों में निरंतर ज्ञान उन्नयन के महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रो. आर. प्रदीप कुमार ने सुरक्षित, टिकाऊ और मजबूत निर्माण व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर देते हुए प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान को कार्यक्षेत्र में प्रभावी रूप से लागू करने का आह्वान किया। वहीं ब्रिगेडियर गौरव अत्रेया ने तकनीकी प्रगति के साथ निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और उत्कृष्टता बनाए रखने की आवश्यकता बताई।
सीबीआरआई के अधिकारियों के अनुसार, यह प्रशिक्षण सीबीआरआई और MES के बीच तकनीकी ज्ञान एवं व्यावहारिक अनुभव के आदान-प्रदान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित, टिकाऊ और लागत-प्रभावी बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए प्रतिभागियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
