मनकामेश्वर महादेव मंदिर में यज्ञ-भंडारे के साथ रुद्राभिषेक संपन्न
द्वारीखाल। विकासखंड द्वारीखाल के ग्राम उतिण्डा स्थित मनकामेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित सामूहिक रुद्राभिषेक एवं धार्मिक अनुष्ठान का यज्ञ और भंडारे के साथ विधिवत समापन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।

अनुष्ठान के तहत 10 अगस्त को ग्रामीण एवं श्रद्धालु पारंपरिक वाद्य यंत्र ढोल-दमाऊ के साथ देवप्रयाग संगम पहुंचे, जहां स्नान के बाद गंगाजल लेकर उतिण्डा लौटे। इसके बाद पवित्र गंगाजल से मनकामेश्वर महादेव का विधि-विधान से अभिषेक किया गया। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और शिव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
रुद्राभिषेक के समापन अवसर पर मंदिर परिसर में यज्ञ का आयोजन किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे का आयोजन पंडित परमेश्वरानंद बलूनी की ओर से किया गया।
धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में ग्राम उतिण्डा के ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा। ग्रामीणों ने आयोजन से जुड़े सभी कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। आयोजन के दौरान क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।
