पौड़ी

थलीसैंण में बहु विशेषज्ञ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का समापन

तीन दिनों में 768 लोगों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ, 329 मरीजों ने जनरल मेडिसिन व 196 ने हड्डी रोग विशेषज्ञ से कराया उपचार

पौड़ी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थलीसैंण में आयोजित तीन दिवसीय बहु विशेषज्ञ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का मंगलवार को समापन हो गया। शिविर के अंतिम दिन 254 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को उनके नजदीक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।

तीन दिनों में कुल 768 लोगों ने शिविर का लाभ उठाया। इस दौरान जनरल मेडिसिन के 329, हड्डी रोग के 196, नेत्र रोग के 121, स्त्री रोग के 31 और ईएनटी के 45 मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। इसके अलावा 118 लोगों की रक्त जांच, 257 की एनसीडी स्क्रीनिंग, 43 लोगों के टीबी एक्स-रे और 20 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। शिविर में पांच दिव्यांग प्रमाण पत्र और छह आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि क्षेत्रवासियों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 12 से 14 अगस्त तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यमकेश्वर में निःशुल्क बहु विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य जांच एवं उपचार का लाभ उठाने की अपील की।

शिविर में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. खुशबू खत्री, डॉ. अंकिता रावत, डॉ. अगमकांत, डॉ. मोहित, डॉ. समीक्षा, डॉ. जयशंकर, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी नीतू, एएनएम श्वेता, विनीता सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *