एसआईआर को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने पर जोर, दावे-आपत्तियों के निस्तारण में निष्पक्षता के निर्देश
पौड़ी। निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सोमवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों एवं बूथ लेवल अभिकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में पुनरीक्षण कार्यक्रम, दावे-आपत्तियों के निस्तारण और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने को लेकर चर्चा की गई।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है। 14 जुलाई को आलेख्य निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जा चुका है। 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं, जबकि इनका निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा। अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितंबर को प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में विसंगति वाले और मानचित्रण से वंचित मतदाताओं के प्रकरणों में बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। राजनीतिक दलों से बूथ लेवल अभिकर्ताओं की नियुक्ति कर उनकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर मतदाताओं को स्पष्ट और सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए। विसंगति वाले मामलों में आवश्यक दस्तावेज लेकर नियमानुसार सत्यापन किया जाए तथा सुनवाई के दौरान मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में बताया गया कि नोटिस के दौरान जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, शैक्षिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और परिवार रजिस्टर सहित आयोग द्वारा निर्धारित अन्य दस्तावेज प्रस्तुत किए जा सकते हैं। आधार कार्ड को केवल पहचान प्रमाण के रूप में मान्य बताया गया, नागरिकता प्रमाण के रूप में नहीं।
उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं होने या किसी कारणवश हट जाने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन किया जा सकता है। प्राप्त दावे-आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण कर अंतिम मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाया जाएगा। उन्होंने पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता के साथ मतदाताओं की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एसएल शाह, भाजपा प्रतिनिधि राजेंद्र सिंह राणा, सीपीआई प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह रावत, हिमालय क्रांति पार्टी के प्रतिनिधि कुलदीप सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी मास्टर आदर्श सहित वीसी के माध्यम से बूथ लेवल अधिकारी तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
