नीति घाटी में भारी बारिश से अलकनंदा का जलस्तर बढ़ा, नदी किनारे जाने पर रोक की अपील
जोशीमठ। नीति घाटी क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते अलकनंदा नदी का जलप्रवाह तेज हो गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है।

प्रशासन की ओर से लगातार एनाउंसमेंट कर लोगों को नदी के बढ़ते जलस्तर के प्रति सचेत किया जा रहा है। साथ ही नदी तट और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की कार्रवाई भी जारी है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नदी तटवर्ती क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही न करें और किसी भी स्थिति में नदी के किनारे न जाएं। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्कता बरतने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने का अनुरोध किया है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन को तत्काल सूचना दें।
