पौड़ी

गांवों में स्थापित होंगे कूड़ा संग्रहण केंद्र, स्रोत पर ही अलग किया जाएगा गीला-सूखा कचरा

पौड़ी। विकासखंड पौड़ी सभागार में सोमवार को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं वीवीजी-रामजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम विकास अधिकारियों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों को योजनाओं के उद्देश्यों, क्रियान्वयन प्रक्रिया तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने की जानकारी दी गई।

पेयजल एवं स्वच्छता समन्वयक स्वजल प्रमोद बहुगुणा ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर कूड़ा संग्रहण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से घरों में ही कचरे का पृथक्करण करने और निर्धारित संग्रहण केंद्रों तक कचरा पहुंचाने की अपील की।

उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों से एकत्रित कचरे को ब्लॉक स्तर से संचालित वाहनों के माध्यम से निर्धारित स्थान तक पहुंचाया जाएगा, जहां उसका उचित निस्तारण किया जाएगा। स्रोत पर कचरे का पृथक्करण होने से निस्तारण की प्रक्रिया आसान होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

प्रमोद बहुगुणा ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की सफलता में ग्रामीणों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग रखने के लिए जागरूक करने तथा प्लास्टिक एवं अन्य अनुपयोगी सामग्री खुले में न फेंकने के लिए प्रेरित करने को कहा।

वीवीजी-रामजी योजना की दी जानकारी

बैठक में खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद ने वीवीजी-रामजी योजना के उद्देश्यों, पात्रता और योजना के माध्यम से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक पात्र ग्रामीण इसका लाभ उठा सकें।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। साथ ही, योजना के क्रियान्वयन के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर आने वाली समस्याओं और उनके समाधान के संबंध में भी जानकारी साझा की गई।

बैठक में ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, कनिष्ठ उप प्रमुख नीरज पटवाल, डीपीओ दीपक नेगी, पेयजल एवं स्वच्छता समन्वयक स्वजल सुलेखा पोखरियाल, ग्राम विकास अधिकारी शुभम चमोली एवं पवन नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य रघुबीर सिंह तथा ग्राम प्रधान शंकर नौटियाल, हरिमोहन जुयाल, कमल रावत सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *