पौड़ी

तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रभक्ति का संदेश देगा हर घर तिरंगा अभियान

पौड़ी। आगामी 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद पौड़ी गढ़वाल में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में अभियान को जन-जन का उत्सव बनाने और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ ही राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना विकसित करना है। उन्होंने सभी विभागों को अपने स्तर पर व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय उत्सव है। इसमें सभी को उत्साहपूर्वक भागीदारी करनी चाहिए। शिक्षा, युवा कल्याण और खेल विभाग को विद्यालयों, महाविद्यालयों व अन्य संस्थानों में खेल प्रतियोगिताएं, निबंध लेखन, चित्रकला, रंगोली, वाद-विवाद, प्रभात फेरी तथा देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

अभियान के दौरान विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्रभक्ति से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही सभी शासकीय एवं अर्द्धशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक भवनों और घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। इसलिए अभियान के दौरान भारतीय ध्वज संहिता का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए और आमजन को तिरंगे के सम्मान एवं उसके सही उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत वंदे मातरम्, राष्ट्रगान, देशभक्ति गीतों तथा तिरंगा थीम पर आधारित सांस्कृतिक एवं संगीत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक लोगों को इससे जोड़ने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, पीएम स्वजल दीपक रावत, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेन्द्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी खंड विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *