पौड़ी

थलीसैंण में माताओं को स्तनपान और शिशु स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

पौड़ी। विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत बाल विकास परियोजना थलीसैंण में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में माताओं को स्तनपान के महत्व के साथ-साथ मातृ स्वास्थ्य, पोषण और शिशुओं की उचित देखभाल के संबंध में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में बताया गया कि नवजात शिशु के बेहतर स्वास्थ्य और समुचित विकास के लिए स्तनपान बेहद महत्वपूर्ण है। माताओं को शिशु के जन्म के बाद समय पर स्तनपान शुरू करने, नियमित स्तनपान कराने तथा बच्चे की उम्र के अनुरूप पोषण संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी दी गई।

माताओं को अपने खान-पान, स्वच्छता और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के लिए भी प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मां का स्वास्थ्य सीधे तौर पर शिशु के स्वास्थ्य और विकास से जुड़ा है। ऐसे में गर्भावस्था से लेकर प्रसव के बाद तक संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराना आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान माताओं से स्तनपान एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य से संबंधित सही जानकारी परिवार और आसपास की अन्य महिलाओं तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *