भारी बारिश के अलर्ट पर पौड़ी में आज सभी स्कूल बंद
कक्षा 1 से 12 तक के सरकारी, अशासकीय व निजी विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद
पौड़ी। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से छह अगस्त को पौड़ी गढ़वाल जनपद में भारी वर्षा और आकाशीय बिजली की संभावना जताए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए गुरुवार छह अगस्त को जनपद के सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

अवकाश कक्षा एक से 12 तक संचालित सभी विद्यालयों पर लागू रहेगा। इसके अलावा जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी छह अगस्त को बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा नदी-नालों और गदेरों में जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। लोगों को नदी-नालों और गदेरों के समीप न जाने तथा मौसम विभाग एवं प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।
