जामलाखाल में मिशन शक्ति के तहत जागरूकता कार्यशाला
पौड़ी। जनता इंटर कॉलेज जामलाखाल में मिशन शक्ति एवं वन स्टॉप सेंटर, पौड़ी गढ़वाल की ओर से एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कार्यशाला आयोजित की गई। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में आयोजित कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों और सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई।

वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने छात्र-छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली तथा हिंसा और उत्पीड़न से प्रभावित महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता सेवाओं के बारे में बताया। उन्होंने किशोरियों को घरेलू हिंसा के विभिन्न स्वरूपों, इसके दुष्प्रभाव और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया।
कार्यशाला में पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित अन्य आपातकालीन सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर छात्र-छात्राएं इनका प्रभावी उपयोग कर सकें।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य वीरेंद्र सिंह रावत, प्रवक्ता राकेश कुमार, पूजा सिलमाणा, मीरा सेमवाल, कविता परमार, नीलम कोहली, नमिता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
