पौड़ी

जंगली जानवर हटाओ, पहाड़ बचाओ अभियान 9 अगस्त से

*यमकेश्वर के थलनंदी में आंदोलन का होगा आगाज*

यमकेश्वर/पौड़ी। उत्तराखंड क्रांति दल के नेतृत्व में ‘जंगली जानवर हटाओ, पहाड़ बचाओ’ अभियान का शुभारंभ 9 अगस्त 2026 को यमकेश्वर के क्रांति ग्राउंड, थलनंदी में किया जाएगा। अभियान के माध्यम से पहाड़ों में जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक से खेती और ग्रामीण आजीविका को हो रहे नुकसान के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।

अभियान का आयोजन डांडी-कांठी मंच के बैनर तले किया जा रहा है। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के वरिष्ठ विचारक एवं उत्तराखंड क्रांति दल के क्रांतिकारी संरक्षक डॉ. शक्तिशैल कपरवाण के नेतृत्व में अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।

डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने कहा कि पहाड़ों में बंदर, जंगली सूअर समेत अन्य वन्यजीवों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। जंगली जानवर फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिसके चलते ग्रामीणों के सामने खेती छोड़ने की स्थिति पैदा हो रही है। इसका सीधा असर पहाड़ों की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पलायन की समस्या पर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि ‘जंगली जानवर हटाओ, पहाड़ बचाओ’ अभियान के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा और सरकार से ठोस समाधान की मांग की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अभियान में शामिल होकर पहाड़ की मूल समस्याओं के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

अभियान का मुख्य संदेश “जनता की रक्षा – प्रकृति की रक्षा – पहाड़ की प्रगति” रखा गया है। आयोजकों का कहना है कि आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाते हुए जंगली जानवरों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवाज बुलंद की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *