पौड़ी

PMGSY के मुख्य अभियंता से मिले मोहित डिमरी, भरदारी गाड़ पुल और मयाली-रणधार-बधाणी मार्ग का मुद्दा उठाया

देहरादून। रुद्रप्रयाग विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं युवा नेता मोहित डिमरी ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) उत्तराखंड के मुख्य अभियंता संजय कुमार पाठक से मुलाकात कर रुद्रप्रयाग जिले की दो प्रमुख सड़क समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।

मोहित डिमरी ने सेमलता-डुंगरा-कफना-सतनी-सौराखाल मोटरमार्ग पर भरदारी गाड़ में वर्ष 2018 से लंबित मोटर पुल निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण अधूरा होने के कारण बरसात के दौरान क्षेत्र की जनता को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने पुल निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने की मांग की।

उन्होंने मयाली-रणधार-बधाणी मोटरमार्ग की बदहाल स्थिति का मामला भी मुख्य अभियंता के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि यह मार्ग करीब 16 ग्राम पंचायतों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। लंबे समय से हॉटमिक्स और आवश्यक मरम्मत कार्य नहीं होने के कारण सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।

डिमरी ने कहा कि दोनों मामलों को लेकर पूर्व में भी जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के समक्ष मांग उठाई जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने दोनों कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जल्द स्वीकृति और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

मुख्य अभियंता संजय कुमार पाठक ने दोनों मामलों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मोहित डिमरी ने कहा कि रुद्रप्रयाग जनपद की जनता की मूलभूत समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को संबंधित विभागों के समक्ष लगातार उठाया जाता रहेगा। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *