जनता मिलन में 23 शिकायतें सुनीं, कई मामलों का मौके पर निस्तारण
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 23 जनशिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई कर अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने को कहा गया।

तहसील पौड़ी के ग्राम थापली में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारी को शिकायतकर्ताओं के साथ तत्काल गांव पहुंचकर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। कल्जीखाल के ग्राम पल्ली तल्ली निवासी जयवीर सिंह रावत की बंद पड़ी सोलर स्ट्रीट लाइटों की शिकायत पर डीओ उरेडा को एमओयू के प्रावधानों के अनुसार जांच कर संबंधित फर्म से शीघ्र मरम्मत कराने को कहा गया।
वहीं पोखरी के खड़खोला निवासी अंकित कुमार भटगांई ने नवनिर्मित आवास में विद्युत लाइन एवं संयोजन में हो रही देरी की शिकायत की। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को एक पखवाड़े के भीतर लाइन बिछाकर विद्युत संयोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शासकीय कार्यालयों और सार्वजनिक शौचालयों का होगा निरीक्षण
जनता मिलन के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, ई-ऑफिस सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और प्रत्येक प्रकरण का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी कार्यालयाध्यक्षों को जनपद के शासकीय कार्यालयों एवं सार्वजनिक शौचालयों में नियमित साफ-सफाई और पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह बाद स्वजल विभाग एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर शौचालयों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा। निरीक्षण में कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
पुरानी शिकायतों पर भी त्वरित कार्रवाई
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनदर्शन, पत्राचार और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर भी जिलाधिकारी के निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है। विकासखंड पौड़ी के ग्राम थली निवासी शकुन्तला देवी की वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित शिकायत का संज्ञान लेते हुए एक अगस्त को पेंशन स्वीकृत कर सुचारू कर दी गई।
द्वारीखाल के चमालीगांव निवासी मातबर सिंह की पैदल मार्ग निर्माण संबंधी शिकायत पर क्षतिग्रस्त मार्ग को वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना में शामिल किया गया। वहीं ग्राम कण्डारा, पट्टी पैड़ुलस्यूं निवासी हुकुम सिंह की स्टैंड पोस्ट पर पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर पाइप लाइन की मरम्मत कर जलापूर्ति सुचारू कर दी गई।
इस अवसर पर सीडीओ अशोक जोशी, एडीएम एफआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
