पोखड़ा में तीन दिवसीय नि:शुल्क विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर शुरू, पहले दिन 65 से अधिक मरीजों ने उठाया लाभ
पौड़ी। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोखड़ा के ब्लॉक सभागार में तीन दिवसीय नि:शुल्क विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर शुरू किया गया। शिविर का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख संजय गुसाईं ने किया।
शिविर में जिला चिकित्सालय पौड़ी से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों के साथ हंस महाराज राजकीय इंटर कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। पहले दिन 65 से अधिक लोगों ने शिविर का लाभ उठाया।

शिविर में महिला रोग, हड्डी रोग, कान-नाक-गला (ईएनटी), फिजिशियन और नेत्र रोग विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। मरीजों को नि:शुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।
इसके अलावा दिव्यांग प्रमाण पत्र के लिए चिकित्सकीय परीक्षण, एक्स-रे, टीबी स्क्रीनिंग, एचआईवी जांच एवं परामर्श, किशोर स्वास्थ्य परामर्श, टीकाकरण सहित विभिन्न जनस्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को उनके नजदीक ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें उपचार के लिए दूरस्थ क्षेत्रों का रुख न करना पड़े।
इस अवसर पर कनिष्ठ प्रमुख संजय जोशी, खंड विकास अधिकारी सूर्य प्रकाश शाह, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र नौटियाल, मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुधांशु ध्यानी, बीपीएम शिखर बहुखंडी, स्टाफ नर्स पूजा रॉय एवं अन्नू चक्रवर्ती सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
