जिला अस्पताल में विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन 451 मरीजों का उपचार
निःशुल्क जांच, एक्स-रे, टीबी व एनसीडी स्क्रीनिंग के साथ मरीजों को मिली विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह
पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सेवा, सुशासन और समर्पण के संकल्प के तहत जिला चिकित्सालय पौड़ी में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन 451 मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया तथा उन्हें निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं।
शिविर में हड्डी रोग, नेत्र रोग, नाक-कान-गला (ईएनटी), फिजिशियन और महिला रोग विशेषज्ञों सहित अन्य चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। इस दौरान 42 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग के तहत उच्च रक्तचाप, मधुमेह और ओरल कैंसर की जांच की गई। वहीं 26 मरीजों की टीबी जांच, 85 प्रयोगशाला जांच और 73 एक्स-रे किए गए। इसके अलावा 17 नेत्र संबंधी जांच तथा चार गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच भी की गई।

स्वास्थ्य शिविर में मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श के साथ निःशुल्क एक्स-रे, प्रयोगशाला जांच, टीबी स्क्रीनिंग, एनसीडी स्क्रीनिंग, एएनसी जांच और आवश्यक दवाओं की सुविधा प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर के माध्यम से लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और गंभीर बीमारियों की शुरुआती स्तर पर पहचान के लिए भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अलीशा सचदेवा, डॉ. मयंक चौहान, डॉ. रूपा, डॉ. गौरव शर्मा, एएनएम नीलम नेगी, नीति डोभाल, विवेक घिल्डियाल, रजनी जैन सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
