अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न
सीडीओ अशोक जोशी ने दिए मामलों के त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण के निर्देश
पौड़ी। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को विकास भवन स्थित वीसी कक्ष में जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने की।
बैठक में अधिनियम के तहत लंबित प्रकरणों की समीक्षा, पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिनियम से जुड़े सभी मामलों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को शासन के प्रावधानों के अनुरूप समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
बैठक में समिति के सदस्यों ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के कल्याण से जुड़े विभिन्न सुझाव भी प्रस्तुत किए। साथ ही कल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने और समिति के निर्णयों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर समिति के सदस्य नरेंद्र प्रसाद टम्टा, गेंदा लाल टम्टा, हरीश चंद्र, अंकित घाघट, उपनिरीक्षक प्रवीण रावत, एडीएसटीओ रणजीत रावत, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
