भारी बारिश के अलर्ट पर पौड़ी में 28 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
पौड़ी। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 28 जुलाई को जनपद में भारी वर्षा और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह आदेश जारी किया। हालांकि, पूर्व निर्धारित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की पूरक तथा परीक्षाफल सुधार परीक्षाएं अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यथावत आयोजित होंगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि संभावित भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और नदी-नालों व गदेरों में तेज जलप्रवाह की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों एवं गदेरों के आसपास न जाएं तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
