पौड़ी

कारगिल विजय दिवस पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि, वीर सैनिकों और शहीद परिजनों का हुआ सम्मान

पौड़ी। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर रविवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल में शौर्य दिवस श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। पौड़ी और कोटद्वार में आयोजित कार्यक्रमों में कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा शहीदों के परिजनों और कारगिल युद्ध में सहभागी रहे वीर सैनिकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी, देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

जनपद मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक, एजेंसी चौक में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार जोशी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सहित अधिकारियों, पूर्व सैनिकों एवं गणमान्य नागरिकों ने पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम से पूर्व छात्र-छात्राओं ने एजेंसी चौक से कलेक्ट्रेट तक प्रभात फेरी निकाली।

इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि कारगिल युद्ध में उत्तराखंड के लगभग 75 वीर सपूतों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया, जिनमें जनपद पौड़ी गढ़वाल के 17 शहीद भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सैनिकों का त्याग और बलिदान प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणा है तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना हम सभी का दायित्व है।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि कारगिल विजय दिवस वीर सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि देश अपने शहीदों का ऋण कभी नहीं चुका सकता, लेकिन जिला प्रशासन उनके सम्मान और कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि शहीद द्वारों के विकास के साथ ही पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के हित में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं तथा सीएसडी कैंटीन की स्थापना का कार्य भी प्रगति पर है।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर (सेनि.) करन सिंह ने कारगिल युद्ध के अनुभव साझा करते हुए टाइगर हिल, तोलोलिंग और द्रास की लड़ाई में भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य का उल्लेख किया। उन्होंने युवाओं से वीर सैनिकों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान शहीद नायक मंगत सिंह के पुत्र नीरज भंडारी, वीर चक्र से सम्मानित शहीद राइफलमैन कुलदीप सिंह रावत के भाई विजय सिंह रावत सहित कारगिल युद्ध में सहभागी रहे कई पूर्व सैनिकों एवं शहीद परिजनों को शॉल, स्मृति चिन्ह और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

शौर्य दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। वहीं राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, पौड़ी तथा राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर, तिमली को उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए सम्मान मिला। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी और देशभक्ति कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे पूरा आयोजन राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर दिखाई दिया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार जोशी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र पाण्डेय, सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी सत्यपाल सिंह रावत, पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *