पौड़ी

स्वरोजगार योजना से बदली महेश कुमार की जिंदगी, आज करोड़ तक पहुंचा कारोबार

कोविड के बाद बंद हुआ रेस्टोरेंट, सरकारी सहायता से फिर शुरू किया व्यवसाय; बने युवाओं के लिए प्रेरणा

कोटद्वार/पौड़ी। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना जनपद पौड़ी गढ़वाल में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कोटद्वार निवासी महेश कुमार इसकी एक प्रेरक मिसाल बनकर सामने आए हैं। लगातार व्यावसायिक असफलताओं और कोविड-19 महामारी के कारण उनका रेस्टोरेंट बंद हो गया था, लेकिन सरकारी सहायता और जिला उद्योग केंद्र के मार्गदर्शन से उन्होंने दोबारा व्यवसाय शुरू कर सफलता की नई कहानी लिख दी।

महेश कुमार ने वर्ष 2019 में एक छोटा रेस्टोरेंट शुरू किया था, लेकिन कोविड-19 महामारी के दौरान कारोबार पूरी तरह ठप हो गया और उन्हें रेस्टोरेंट बंद करना पड़ा। आर्थिक संकट के बीच उन्होंने वर्ष 2022 में जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार से संपर्क किया। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत उन्हें 10 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ, जिससे उन्होंने आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया रेस्टोरेंट स्थापित किया।

वर्तमान में उनका रेस्टोरेंट सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है और वार्षिक कारोबार 90 लाख रुपये से लेकर एक करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। इस उद्यम से स्थानीय युवाओं को भी रोजगार मिला है। महेश कुमार का कहना है कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और जिला उद्योग केंद्र के सहयोग के बिना कोविड के बाद दोबारा व्यवसाय शुरू करना संभव नहीं था।

महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में जनपद पौड़ी गढ़वाल लगातार तीन वर्षों से प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। शासन से मिले लक्ष्य के सापेक्ष प्रत्येक वर्ष शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई है। चालू वित्तीय वर्ष में जनपद को 725 लाभार्थियों का लक्ष्य मिला है, जिसे समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए विभाग सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत बेरोजगार युवाओं, महिलाओं और इच्छुक उद्यमियों को जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। योजना के माध्यम से लाभार्थियों ने जिम, रेस्टोरेंट, टैक्सी सेवा, ई-रिक्शा संचालन, फोटोग्राफी, सेवा क्षेत्र तथा लघु उद्योग आधारित अनेक स्वरोजगार स्थापित किए हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *