नैनीडांडा जनसेवा शिविर में 230 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ, 221 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
पौड़ी/नैनीडांडा। ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत गुरुवार को विकासखंड नैनीडांडा सभागार में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं, सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

खंड विकास अधिकारी प्रमोद चंद्र पांडे ने बताया कि शिविर में कुल 230 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 221 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को शीघ्र कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। इसके अलावा 230 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।
उन्होंने बताया कि कृषि एवं उद्यान विभाग ने 58 किसानों को पौधे, उर्वरक और कृषि यंत्र वितरित किए। रीप/एनआरएलएम के माध्यम से 16 लाभार्थियों को उत्पादन एवं विपणन संबंधी सहयोग दिया गया। बाल विकास विभाग ने दो लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट प्रदान की। स्वास्थ्य विभाग ने 45 तथा आयुष विभाग ने 40 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाइयां वितरित कीं। समाज कल्याण विभाग ने 48 लाभार्थियों के वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन संबंधी सत्यापन किए। पंचायतीराज विभाग ने 10 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया, जबकि राजस्व विभाग ने 11 कृषकों को कृषक प्रमाण-पत्र एवं खाता-खतौनी की नकल उपलब्ध कराई।
शिविर के दौरान विभागीय अधिकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया। वहीं, हरेला पर्व के अवसर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर ज्येष्ठ उप प्रमुख रेखा देवी, कनिष्ठ उप प्रमुख राजेंद्र पटवाल, जिला पंचायत सदस्य नीरज पंत एवं मुन्नी ध्यानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
