पौड़ी

जिला प्राधिकृत समिति की बैठक: पांच औद्योगिक इकाइयों को मिली सैद्धांतिक स्वीकृति

पौड़ी। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन में उद्योग विभाग के तहत सिंगल विंडो सिस्टम की जिला प्राधिकृत समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में नए उद्योगों की स्थापना से जुड़े छह प्रस्तावों पर विचार किया गया।

समिति ने पांच औद्योगिक इकाइयों को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की, जबकि एक होटल परियोजना के आवेदन में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद स्वीकृति देने का निर्णय लिया गया।

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि औद्योगिक इकाइयों से जुड़े अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) के सभी लंबित मामलों का निस्तारण माह के अंत तक हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निवेशकों और उद्यमियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

बैठक में जिन इकाइयों को सैद्धांतिक स्वीकृति मिली, उनमें एक एडिबल नट प्रोसेसिंग यूनिट, दो सोलर पावर प्लांट, एक आयुर्वेदिक हर्बल सप्लीमेंट यूनिट और एक कोरोगेटेड बॉक्स निर्माण इकाई शामिल हैं। इन उद्योगों की स्थापना से जिले में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होने की उम्मीद है।

बैठक में महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग, लीड बैंक प्रबंधक, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र सिंह खाती, उप प्रभागीय वनाधिकारी आयशा बिष्ट, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कमल किशोर जोशी सहित समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *