पौड़ी

राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव–2026 में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर, ‘तिरंगे की जिद’ ने दर्शकों को किया भावुक

भगवानपुर (हरिद्वार)। संगीत नाटक अकादमी, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार तथा सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केन्द्र (सीसीआरटी), नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में महाकवि कालिदास जयंती एवं ‘वंदे मातरम्’ राष्ट्रगीत की सार्धशती (150वीं वर्षगांठ) के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव–2026 का भव्य आयोजन बुधवार को पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, कुंजा बहादरपुर, विकासखंड भगवानपुर में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंच संचालन कर रहे सीसीआरटी, नई दिल्ली से संबद्ध एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय हलजौरा के शिक्षक सचिन कुमार तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेंद्र प्रसाद त्रिपाठी की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं दर्शकों द्वारा सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन और राष्ट्रगान के साथ की गई। इस अवसर पर संगीत नाटक अकादमी की अध्यक्ष संध्या पूरेचा का संदेश भी पढ़कर सुनाया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘तिरंगे की जिद’ हिन्दी नाटक रहा, जिसका निर्देशन सचिन कुमार एवं नीरज सिंह रावत ने किया। परफॉर्मर्स जर्नी स्टूडियो एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत लगभग 45 मिनट के इस नाटक में अमर शहीद जगदीश प्रसाद वत्स के अदम्य साहस, राष्ट्रप्रेम, बलिदान और तिरंगे के सम्मान की प्रेरणादायी गाथा का सशक्त मंचन किया गया।

नाटक में कलाकारों के सशक्त अभिनय, प्रभावशाली संवाद, संगीत, प्रकाश व्यवस्था और आकर्षक मंच सज्जा ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। प्रस्तुति के दौरान कई बार तालियों की गूंज से पूरा सभागार गूंज उठा। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, कर्तव्यनिष्ठा तथा स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों के प्रति सम्मान का प्रेरक संदेश मिला।

समापन अवसर पर कलाकारों का परिचय कराया गया तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए अतिथियों द्वारा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने संगीत नाटक अकादमी, संस्कृति मंत्रालय एवं सीसीआरटी, नई दिल्ली के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में सांस्कृतिक चेतना, राष्ट्रीय गौरव और भारतीय रंगमंच के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का समापन पुनः ‘वंदे मातरम्’, राष्ट्रगान एवं ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ हुआ। उपस्थित शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने आयोजन की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक जागरण की प्रेरणादायी पहल बताया।

कार्यक्रम में ग्राम कुंजा के प्रधानपति जितेन्द्र पंवार मुख्य अतिथि, उप ब्लॉक प्रमुख प्रमोद कुमार विशिष्ट अतिथि, प्राथमिक शिक्षक संघ हरिद्वार के जिला महामंत्री हेमेंद्र चौहान, संरक्षक अशोक चौहान, विनय त्यागी, परमजीत, मनीष कुमार, रामकुमार (प्रवक्ता, भूगोल) सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *