हरेला पर्व पर शीला डांडा ग्राम पंचायत में हुआ पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
द्वारीखाल/पौड़ी। विकासखंड द्वारीखाल की ग्राम पंचायत शीला डांडा में लोकपर्व हरेला उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों ने आम, अमरूद और नींबू सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण राकेश कपरवाण ने कहा कि जल, जंगल और जमीन का संरक्षण पेड़ों से ही संभव है। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें सुरक्षित रखने का आह्वान किया।
प्रभारी मुकेश कुमार ने कहा कि पेड़ मानव जीवन के लिए अमूल्य हैं। पेड़ हमें लकड़ी, छाया, फल, फूल, शुद्ध हवा सहित अनेक प्रकार के संसाधन प्रदान करते हैं और सभी जीव-जंतु किसी न किसी रूप में पेड़ों पर निर्भर हैं।
कृषि विभाग के फील्ड ऑफिसर अंतरिक्ष सैनी ने कहा कि उत्तराखंड में कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र में स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के वन हमारी अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर शकुंतला देवी, सुलोचना देवी, सरिता देवी, नीति जुगरान, मगन सिंह बिष्ट, राकेश कपरवाण, सुखदेव कोठारी, कृषि विभाग के फील्ड ऑफिसर अंतरिक्ष सैनी, प्रभारी मुकेश कुमार सहित अन्य कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
