हरेला पर्व पर नीलकंठ से प्रकृति संरक्षण का संदेश, प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने किया पौधारोपण
यमकेश्वर/पौड़ी। हरेला पर्व के अवसर पर जनपद के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने नीलकंठ क्षेत्र का भ्रमण कर भगवान नीलकंठ महादेव के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश और जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए सभी को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं और अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का आह्वान किया।

इसके बाद प्रभारी मंत्री ने ग्राम पंचायत तोली स्थित पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि हरेला उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक पर्व है। वृक्ष केवल हरियाली नहीं, बल्कि जल संरक्षण, स्वच्छ वातावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। उन्होंने लोगों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने की अपील की।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेशभर में जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक पौधरोपण अभियान संचालित किए जा रहे हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप मिल रहा है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद मदन कौशिक ने पीपलकोठी स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने औषधि वितरण व्यवस्था, उपचार सुविधाओं और पंचकर्म कक्ष का जायजा लेते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सालय परिसर के हर्बल गार्डन में औषधीय पौधों का रोपण कर आयुर्वेद एवं औषधीय पौधों के संरक्षण पर बल दिया।
उन्होंने वर्ष 2023 की आपदा में क्षतिग्रस्त चिकित्सालय भवन के पुनर्निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर यमकेश्वर विधायक रेणु बिष्ट ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की संस्कृति, लोक परंपरा और प्रकृति के प्रति समर्पण का पर्व है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नीलकंठ महादेव मंदिर के महंत सुभाष गिरी, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत संजय खंडूरी, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेंद्र पांडे, व्यापार मंडल नीलकंठ के अध्यक्ष बृजेश चौहान, ग्राम प्रधान उषा देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
