हरेला महाअभियान: पौड़ी में एक दिन में एक लाख पौधों का रोपण, हरित भविष्य का लिया संकल्प
पौड़ी। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर जनपद पौड़ी गढ़वाल में गुरुवार को व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया गया। जिला मुख्यालय से लेकर सभी विकासखंडों, तहसीलों, नगर निकायों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और विभिन्न सरकारी संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों के तहत एक ही दिन में लगभग एक लाख पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संकल्प लिया गया।
जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, नगरपालिका अध्यक्षा हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक पौधरोपण किया।
अभियान के दौरान देवदार, बाँज, बुरांश, काफल और अंगू जैसी हिमालयी पारिस्थितिकी के लिए महत्वपूर्ण स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इनका उद्देश्य पर्यावरणीय संतुलन, जल संरक्षण और जैव विविधता को मजबूत करना है।
हरेला महाअभियान के अंतर्गत जनपद के सभी विकासखंडों, तहसीलों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, वन क्षेत्रों, अमृत सरोवरों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी पौधरोपण किया गया। अभियान में छात्र-छात्राओं, स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।
इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति उत्तराखंड की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सफल होगा, जब प्रत्येक व्यक्ति लगाए गए पौधों की देखभाल को अपनी जिम्मेदारी समझे।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि हरेला हमें प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी विभागों को पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए आमजन से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि इस वर्ष जनपद में लगभग एक लाख पौधों का रोपण किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीडीओ रमेश चंद्र, रेडक्रॉस के जिला सचिव केसर सिंह असवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
