पौड़ी

मकान गिरने का खतरा, परिवार दहशत में; जगदीश सिंह रावत ने मांगी तत्काल राहत

पौड़ी। यमकेश्वर ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम सभा धारी के खंड ग्राम ढौंर निवासी जगदीश सिंह रावत ने भारी वर्षा से क्षतिग्रस्त हुए अपने मकान को लेकर जिला प्रशासन और शासन से तत्काल सहायता की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण उनका मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है और उसमें रहना अब परिवार के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।

जगदीश सिंह रावत ने बताया कि बरसात का मौसम अभी प्रारंभ हुआ है और यदि वर्षा का सिलसिला जारी रहा तो मकान कभी भी ढह सकता है। ऐसे में उनकी पत्नी, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

उन्होंने जिला प्रशासन से अपील की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर क्षतिग्रस्त मकान का निरीक्षण कराया जाए तथा नियमानुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

ग्रामीण ने यह भी कहा है कि यदि समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई और क्षतिग्रस्त मकान में रहने के दौरान कोई अप्रिय घटना घटती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित शासन-प्रशासन की होगी।

ग्रामीण ने प्रशासन से मानवीय आधार पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए राहत प्रदान करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *