देहरादून

उत्तराखंड में ग्राम पंचायत उपप्रधान चुनाव का कार्यक्रम जारी, 15 जुलाई को मतदान और मतगणना

देहरादून। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड ने प्रदेश के सभी जनपदों (जनपद हरिद्वार को छोड़कर) की ग्राम पंचायतों में उपप्रधान पद के सामान्य निर्वाचन-2026 की अधिसूचना जारी कर दी है। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नामांकन से लेकर मतदान, मतगणना और परिणाम तक की पूरी प्रक्रिया 15 जुलाई 2026 को संपन्न होगी।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 15 जुलाई को सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक नामांकन, 11:00 बजे से 12:00 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच, 12:00 बजे से 12:30 बजे तक नाम वापसी, 12:30 बजे से 1:00 बजे तक चुनाव चिन्ह आवंटन, 1:30 बजे से 3:30 बजे तक मतदान तथा सायं 4:00 बजे से कार्य समाप्ति तक मतगणना होगी।

आयोग ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) 7 जुलाई 2026 को अपने-अपने जिले के उपप्रधान पदों का निर्वाचन कार्यक्रम जारी करेंगे। इस सूचना का स्थानीय समाचार पत्रों, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत, तहसील और जिला मजिस्ट्रेट कार्यालयों के सूचना पटों पर भी चस्पा किया जाएगा।

इसके अलावा नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री जिला मुख्यालय पर 8 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी। वहीं 15 जुलाई को संबंधित ग्राम पंचायतों में निर्धारित स्थान पर सुबह 8:00 बजे से 9:30 बजे तक नामांकन पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिणाम की सूचना तत्काल राज्य निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *