बीरोंखाल क्षेत्र को 3.20 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने किए शिलान्यास
पौड़ी। सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़ा के तहत प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने विकासखंड बीरोंखाल के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर तीन करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध समाधान के निर्देश भी दिए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सेवा पखवाड़ा सरकार और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु है। यह अभियान जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ-साथ आमजन को अपनी समस्याएं सीधे सरकार के समक्ष रखने का अवसर भी प्रदान करता है।
भ्रमण के दौरान उन्होंने भरपूर बड़ा, नेग्याणा, कसाणी, हलाड़, सैंधार, भरोलीखाल और कमलिया वल्ला सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने 2.71 करोड़ रुपये की लागत से भगवती तलिया-कमलिया मोटर मार्ग पर आरसीसी सेतु निर्माण, 39.18 लाख रुपये से सैंधार-नेग्याणा-चोरखिण्डा मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण तथा 10 लाख रुपये की लागत से ग्राम पंचायत कैलाड़ में पंचायत भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में पेयजल, सड़क और सिंचाई जैसी आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की विभिन्न पंपिंग पेयजल योजनाओं और सिंचाई परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है, जिससे दूरस्थ गांवों के लोगों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
