पौड़ी

प्राथमिक विद्यालय भरग्वाड़ीखाल के संपर्क मार्ग पर 25 साल बाद हुआ सुधार, इंटरलॉक टाइल्स बिछाने का कार्य पूरा

द्वारीखाल/पौड़ी गढ़वाल। ग्राम सभा बंदीला में स्थित प्राथमिक विद्यालय भरग्वाड़ीखाल के संपर्क मार्ग का लंबे समय से प्रतीक्षित सुधार कार्य पूरा हो गया है। करीब 25 वर्षों बाद इस मार्ग की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण होने से ग्रामीणों एवं विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत मिलेगी।

ग्राम पंचायत प्रधान एडवोकेट चंद्रमोहन ने बताया कि वर्षों से यह मार्ग जर्जर अवस्था में था, जिससे विशेषकर बरसात के मौसम में आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों की मांग को देखते हुए मार्ग पर इंटरलॉक टाइल्स बिछाने का कार्य कराया गया।

प्रधान ने बताया कि कार्य की शुरुआत उन्होंने स्वयं अपने हाथों से पहले दो मीटर इंटरलॉक टाइल्स बिछाकर की, जिसके बाद गांव के स्थानीय मिस्त्री द्वारा शेष निर्माण कार्य पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और स्थानीय श्रमिकों के सहयोग से कार्य को समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया गया।

सिर्फ इंटरलॉक टाइल्स ही नहीं, बल्कि मार्ग के साथ जल निकासी की समुचित व्यवस्था के लिए नाली का निर्माण भी कराया गया है। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक स्थानों पर रेलिंग भी लगाई गई है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों एवं अन्य राहगीरों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

ग्रामीणों ने इस कार्य के लिए ग्राम पंचायत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से उपेक्षित इस मार्ग का निर्माण होने से विद्यालय तक पहुंचना अब आसान और सुरक्षित हो गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ग्राम पंचायत भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित के विकास कार्यों को प्राथमिकता देती रहेगी।

ग्राम पंचायत प्रधान एडवोकेट चंद्रमोहन ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आगे भी ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *