एक ही छत के नीचे मिली सरकारी सेवाएं, पौड़ी में जनसेवा शिविर में उमड़े लाभार्थी
पौड़ी। ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत सेवा पखवाड़े के दूसरे दिन विकासखंड पौड़ी सभागार में जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तराखंड खेल परिषद के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री कुलदीप बुटोला ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चलाया जा रहा यह अभियान शासन और जनता के बीच की दूरी कम करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर स्थानीय संसाधनों पर आधारित स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि जनपद में कृषि, बागवानी और जैविक खेती की व्यापक संभावनाएं हैं। आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं के समन्वय से किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने तथा युवाओं से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन कर पलायन रोकने की दिशा में आगे आने की अपील की।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, किसान आयोग के सदस्य ओम प्रकाश जुगराण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
