जिलाधिकारी के निर्देशों का दिखा असर, जनचौपालों में उठी समस्याओं का तेजी से हो रहा समाधान
पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा दूरस्थ क्षेत्रों में आयोजित जनचौपालों का सकारात्मक असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। जनचौपालों में ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई मामलों का समाधान किया है, जबकि शेष प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण जारी है।

शंकरपुर स्थित राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज में पेयजल संकट का समाधान करते हुए जलापूर्ति बहाल कर दी गई है। वहीं शंकरपुर-गौला बखरोटी-कमेडा बसेड़ी मोटर मार्ग पर समलीकरण कार्य शुरू हो गया है और विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए बिजली के पोल व लाइन बदलने की कार्रवाई भी जारी है।
मैंदणी क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत कर जलापूर्ति सुचारु कर दी गई है। हर घर नल-घर जल योजना के लंबित कार्य पूरे किए गए हैं और रेवा पंपिंग योजना की बाधित जलापूर्ति भी बहाल कर दी गई है।
संगलिया क्षेत्र के जडाऊखांद में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे नालियों और स्कपरों की सफाई तथा कच्ची नाली निर्माण का कार्य पूरा कर जल निकासी व्यवस्था में सुधार किया गया है। मैंदणी और संगलिया क्षेत्र में ओपन जिम की स्वीकृति की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।
मुस्याखांद क्षेत्र में हर घर नल योजना के अधूरे कार्य पूरे किए जा रहे हैं, जबकि थवाड़ा-चैवाड़ा पंपिंग योजना की लीकेज दूर कर जलापूर्ति सुचारु करने का कार्य जारी है। भौन क्षेत्र में इंडियन ऑयल के निर्देशों के अनुसार आगामी एक सप्ताह के भीतर गैस उपकार्यालय का संचालन शुरू होने की संभावना है।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि जनचौपाल केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि उनके त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र में जाकर शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
