मुख्यमंत्री के निर्देशन में पौड़ी में सेवा पखवाड़े का शुभारंभ, योजनाओं का लाभ पहुंचेगा अंतिम व्यक्ति तक
पौड़ी। मुख्यमंत्री के निर्देशन में “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” थीम पर जनपद पौड़ी गढ़वाल में शनिवार को सेवा पखवाड़े का शुभारंभ हुआ। जिला मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक राजकुमार पोरी, जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला, नगर पालिका अध्यक्षा हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया एवं सीडीओ अशोक जोशी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस और पारदर्शी भर्ती जैसी उपलब्धियों का उल्लेख किया।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि सेवा पखवाड़ा गांव-गांव तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित करने, जनसमस्याओं के स्थानीय समाधान और पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने 19 जुलाई तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में आमजन से सहभागिता की अपील की।
विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से छूटे हुए पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में बाल विकास विभाग ने मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की, जबकि पशुपालन और कृषि विभाग ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों एवं पशुपालकों को सम्मानित किया। पात्र दिव्यांगजनों को कृत्रिम सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।
विभिन्न विभागों ने जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी और स्टॉल लगाए, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ लाभ भी प्रदान किया गया। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग ने राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया तथा प्रचार सामग्री वितरित की। सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
