पौड़ी

4 से 19 जुलाई तक पौड़ी जिले में लगेंगे बहुउद्देशीय सेवा शिविर, आमजन को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार जनपद पौड़ी गढ़वाल में 4 से 19 जुलाई 2026 तक ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ थीम पर सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिले के सभी विकासखंडों में बहुउद्देशीय सेवा शिविर, विभागीय प्रदर्शनी, लाभार्थी सम्मान, स्वास्थ्य शिविर तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के कार्यक्रम आयोजित होंगे।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि सेवा पखवाड़े का शुभारंभ 4 जुलाई को पौड़ी स्थित प्रेक्षागृह से होगा। इसके बाद 5 जुलाई से 19 जुलाई तक क्रमवार सभी विकासखंडों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।

शिविरों में रोजगार एवं स्वरोजगार, कौशल विकास, कृषि, उद्यान, पशुपालन, उद्योग, महिला एवं युवा सशक्तिकरण, सैनिक कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही अधिकारियों द्वारा आमजन की शिकायतों का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि सेवा पखवाड़े के दौरान स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण, आधार एवं ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाएं, विशेष लोक अदालत तथा महिला एवं बाल विकास से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रमों का बेहतर समन्वय सुनिश्चित करते हुए अधिकतम जनभागीदारी के साथ पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए, ताकि सेवा पखवाड़ा सुशासन, जनसेवा और जनकल्याण का प्रभावी अभियान बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *