पौड़ी

थलनदी झील की स्वीकृति और टेंडर की मांग, डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने मंत्री सतपाल महाराज से पूछा सवाल

यमकेश्वर। वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने एक वीडियो जारी कर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज से थलनदी झील परियोजना की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में थलनदी झील का प्रस्ताव सक्षम अधिकारियों और शासन को भेजा गया था, जिसकी उस समय की डीपीआर लगभग 15.5 करोड़ रुपये की थी। लेकिन छह वर्ष बीत जाने के बाद भी परियोजना को स्वीकृति मिली है या नहीं, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

डॉ. कपरवाण ने कहा कि इस संबंध में मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान मुख्यमंत्री को भी क्षेत्र की जनता की ओर से कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस जवाब नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कारण क्षेत्रीय जनता में नाराजगी है।

उन्होंने कहा कि सतपुली, ल्वाली, स्यूंसी और थलनदी झील परियोजनाओं का सर्वे एक साथ हुआ था। इनमें अन्य परियोजनाएं या तो बन चुकी हैं, निर्माणाधीन हैं अथवा अंतिम चरण में हैं, जबकि थलनदी झील परियोजना अब तक लंबित है और उसकी फाइल कहां लंबित है, इसकी जानकारी भी नहीं दी जा रही है।

डॉ. कपरवाण ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यदि विधायक और सांसद प्रभावी ढंग से पैरवी करते तो थलनदी झील को भी अब तक स्वीकृति मिल चुकी होती।

उन्होंने कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज से मांग की कि थलनदी झील परियोजना पर तत्काल कार्रवाई कर इसी वर्ष इसकी स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया शुरू कराई जाए। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र की जनता की मांग है और सरकार को इस पर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *