पौड़ी

स्थानांतरण पर जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर को भावभीनी विदाई, अधिकारियों ने की कार्यशैली की सराहना

पौड़ी। जनपद पौड़ी से स्थानांतरित होकर रुद्रप्रयाग में नई जिम्मेदारी संभालने जा रहीं जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर को शुक्रवार को विकास भवन सभागार में भावभीनी विदाई दी गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके सफल कार्यकाल, कुशल नेतृत्व एवं विकास कार्यों में योगदान की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि मनविंदर कौर ने अपने कार्यकाल में विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने उनकी कार्यनिष्ठा, सकारात्मक सोच और प्रशासनिक दक्षता की प्रशंसा करते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश भी दिया।

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि उन्होंने टीम भावना के साथ विकास योजनाओं को नई गति दी। उनका अनुशासित कार्य व्यवहार, समन्वयात्मक कार्यशैली और सकारात्मक दृष्टिकोण सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक रहा।

विदाई समारोह में मनविंदर कौर ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पौड़ी में मिला सहयोग, स्नेह और आत्मीयता उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की सफलता पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह सहित विकास विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *