हरेला महाअभियान की तैयारियों में जुटा प्रशासन, 16 जुलाई से शुरू होगा व्यापक पौधरोपण अभियान
पौड़ी। जनपद पौड़ी में आगामी हरेला पर्व के अवसर पर 16 जुलाई से शुरू होने वाले व्यापक पौधरोपण महाअभियान की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला कार्यालय सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर विभागवार तैयारियों की समीक्षा की और सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने विकासखंडों को पौधरोपण लक्ष्य की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने, पौधरोपण स्थलों का चयन, जियो टैगिंग, पौधों की आवश्यकता का आकलन, ट्रीगार्ड की व्यवस्था तथा जनपद हरित पंजिका तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही 13 जुलाई तक गड्ढों की खुदाई, स्थल तैयार करने और प्रजातिवार पौध वितरण का कार्य पूरा करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि हरेला दिवस पर सभी सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संगठनों और आमजन की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए। अभियान की निगरानी एवं समन्वय के लिए प्रभागीय वनाधिकारी को नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने 4 जुलाई से शुरू होने वाले ‘सेवा सप्ताह’ कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नामित करते हुए निर्देश दिए गए कि जिला मुख्यालय और सभी विकासखंडों में सेवा, सुशासन एवं समर्पण की थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभागीय स्टॉल, जागरूकता कार्यक्रम, लाभार्थी सम्मान एवं लाभ वितरण कार्यक्रमों की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एम. शुक्ला, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
