मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन ने राजनीतिक दलों संग की समीक्षा बैठक
पौड़ी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी एफ.आर. चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बीएलए-1 के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, मतदान केंद्रों के पुनर्गठन और घर-घर सत्यापन अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। उन्होंने राजनीतिक दलों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा नव स्वीकृत मतदान केंद्रों के लिए शीघ्र बीएलए-2 की नियुक्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
बैठक में बताया गया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए आयोग के मानकों के अनुरूप आवश्यक स्थानों पर नए मतदान केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। घर-घर सत्यापन के दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत, अनट्रेसेबल और अनकलेक्टेबल श्रेणी के मतदाताओं के सत्यापन की प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के वर्तमान चरण में केवल सत्यापन किया जा रहा है और मतदाताओं से कोई दस्तावेज नहीं लिए जा रहे हैं। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में नहीं है या किसी कारण हट गया है, तो वह निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर अपना नाम दर्ज करा सकता है।
बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि विनोद नेगी, राजेंद्र सिंह राणा, सुरेंद्र सिंह रावत, जगमोहन रावत और मनमोहन सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
