पौड़ी

चारधाम यात्रा मार्गों के संवेदनशील स्थलों पर होंगे स्थायी सुरक्षा कार्य, आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

पौड़ी। गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने चारधाम यात्रा मार्गों पर चिन्हित संवेदनशील और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी सुरक्षा कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को आयुक्त सभागार में निर्माण एवं अवसंरचना से जुड़े 14 विभागों की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और जाममुक्त आवागमन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

आयुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग के क्रिटिकल और डेंजर जोन का शीघ्र उपचार किया जाए तथा जहां हर वर्ष भूस्खलन की समस्या आती है, वहां स्थायी सुरक्षा उपाय किए जाएं। उन्होंने बाईपास, सुरंगों और प्रमुख सड़क परियोजनाओं की नियमित समीक्षा के भी निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने सभी विभागों को अंतिम चरण की परियोजनाएं इसी वर्ष पूर्ण कर जनता को समर्पित करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री घोषणाओं और मंडल की सभी विधानसभा क्षेत्रों में चल रही विकास योजनाओं का अद्यतन विवरण प्रस्तुत करने को कहा।

वर्षाकाल को देखते हुए आयुक्त ने अधिकारियों को बंद और चालू सड़कों की दैनिक रिपोर्ट उपलब्ध कराने, आपदा प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने तथा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *