देहरादून

अंकिता मामले में सीबीआई जांच पर उठे सवाल, 2 जुलाई को सीबीआई कार्यालय पर प्रदर्शन का ऐलान

देहरादून। अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच की सदस्य कमला पंत ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की प्रगति पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि न्याय की मांग को लेकर उत्तराखंड की जनता को एक बार फिर सड़कों पर उतरना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सीबीआई जांच की संस्तुति हुए छह महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।

कमला पंत ने कहा कि तीन सप्ताह पहले संघर्ष मंच के प्रतिनिधि सीबीआई कार्यालय पहुंचे थे और अधिकारियों से जांच की प्रगति की जानकारी मांगी थी। उनका दावा है कि अब तक सीबीआई ने अंकिता के माता-पिता से भी बातचीत नहीं की है और मामले में उठे वीआईपी एंगल सहित अन्य महत्वपूर्ण सवालों पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि वनंतरा रिजॉर्ट में बुलडोजर चलाकर अंकिता का कमरा तोड़े जाने के मामले में जिम्मेदार लोगों को जांच के दायरे में नहीं लाया गया है। उन्होंने कहा कि इन सभी बिंदुओं पर सीबीआई अधिकारियों से जवाब मांगा गया, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं दी गई।

कमला पंत के अनुसार अधिकारियों ने कहा था कि वे केंद्र स्तर से जानकारी लेकर बताएंगे कि जांच किस स्थिति में है, लेकिन तीन सप्ताह बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसी कारण संघर्ष मंच ने 2 जुलाई को देहरादून के सीमा द्वार स्थित सीबीआई कार्यालय पर प्रदर्शन और तालाबंदी का निर्णय लिया है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता को न्याय दिलाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में 2 जुलाई को सीबीआई कार्यालय पहुंचकर आंदोलन में शामिल हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *