पौड़ी

राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस पर प्रशासनिक आंकड़ों के बेहतर उपयोग पर जोर

पौड़ी। जनपद मुख्यालय स्थित जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय में सोमवार को 20वां राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर महान सांख्यिकीविद् प्रो. प्रशांत चंद्र महालनोबिस की 133वीं जयंती पर उनके योगदान को याद करते हुए सांख्यिकी के महत्व पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस की थीम “अनलॉकिंग द पोटेंशियल ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव डाटा” निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक आंकड़ों का प्रभावी और वैज्ञानिक उपयोग सुशासन, पारदर्शिता तथा सशक्त नीति निर्माण की आधारशिला है।

उन्होंने कहा कि विश्वसनीय, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध आंकड़े सरकार को त्वरित एवं सटीक निर्णय लेने में मदद करते हैं। विभागों और मंत्रालयों के बीच डेटा साझाकरण एवं समन्वय बढ़ाकर योजनाओं की बेहतर योजना, प्रभावी क्रियान्वयन और सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सकती है। इससे शासन व्यवस्था अधिक जवाबदेह और परिणामोन्मुख बनती है।

राम सलोने ने कहा कि प्रशासनिक डेटा का समुचित उपयोग आर्थिक विकास को गति देने, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में अपर सांख्यिकीय अधिकारी रणजीत रावत सहित विभाग के सभी सहायक सांख्यिकी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *